September 22, 2026

कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध – मंत्री

0
कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध - मंत्री

कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध - मंत्री

चंडीगढ़, 17 अप्रैल। हरियाणा के सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण और अंत्योदय सेवा मंत्री कृष्ण कुमार बेदी से आज यहां हरियाणा अनुसूचित जाति राजकीय अध्यापक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग के कर्मचारियों पर क्रीमीलेयर के प्रावधान को लागू न कर सभी अनुसूचित जाति के कर्मचारियों को प्रथम व द्वितीय श्रेणी में पदोन्नत करने के लिए ज्ञापन सौंपा।

कृष्ण कुमार बेदी ने प्रतिनिधिमंडल को उपयुक्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया और कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार कर्मचारियों के हितों का पूरा ध्यान रख रही है और इस मामले में भी नियमानुसार उपयुक्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय  ने भी एक मामले में हरियाणा सरकार द्वारा 7 अक्टूबर, 2023 को जारी हिदायतों को सही माना है व सभी अनुसूचित जाति के कर्मचारियों को प्रथम व द्वितीय श्रेणी में पदोन्नति देना उचित ठहराया है। साथ ही, उच्च न्यायालय द्वारा अनुसूचित जाति के कर्मचारियों पर क्रीमीलेयर को लागू करने बारे भी हरियाणा सरकार को निर्देश जारी किए हैं। जबकि भारतीय संविधान के अनुसार व इन्दिरा साहनी बनाम यूनियन ऑफ इण्डिया मामले में संवैधानिक पीठ द्वारा यह तय किया गया कि अनुसूचित जाति वर्ग पर क्रीमीलेयर लागू नहीं होता। इसलिए इस मामले में सरकार संवेदनशीलता के साथ विचार कर उचित कार्रवाई करे।

प्रतिनिधिमंडल में बीएन रंगा, सत्यवान सरोहा, दिनेश, चंद्र मोहन, देवेंद्र कटारिया, विनोद मोहरी, सतपाल, सलीम कुमार, जगदीश सिंह, हरि निवास भट्ट, चंद्र निम्मा, राजीव, राजेश, कृष्ण कुमार, संदीप तूर, महिपाल सिहाग और नरेश नरवाल शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *