January 29, 2026

नववर्ष पर सीएम ने की माता मनसा देवी मंदिर में पूजा

0
नववर्ष पर सीएम ने की माता मनसा देवी मंदिर में पूजा

नववर्ष पर सीएम ने की माता मनसा देवी मंदिर में पूजा

चंडीगढ़, 1 जनवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज अपनी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी के साथ नव वर्ष के अवसर पर पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर परिसर में पूजा अर्चना की। उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं से बातचीत भी की।

इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियां को नव वर्ष की बधाई देते हुए कहा कि यह साल प्रदेशवासियों के जीवन में आर्थिक और सामाजिक खुशहाली लाने का काम करेगा। हर नागरिक के जीवन में समृद्धि आएगी। ऐसी मंगल कामना करते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में हरियाणा विकास की नई बुलंदियों को छुएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के दौरान बहुत से विषयों को लेकर प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम किया गया है। अब वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन के तहत भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में तेज गति से कार्य किया जाएगा। इसी तर्ज पर हरियाणा प्रदेश में भी तेज गति से विकास कार्य हों और साथ ही प्रदेश भी पूर्ण रूप से विकसित प्रदेश बने। इसको लेकर सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव के दौरान संकल्प पत्र में बहुत सारे वादे किए हैं, उन्हें धीरे-धीरे पूरा करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई वायदों को अभी तक अमलीजामा पहनाने का कार्य किया जा चुका है, जो बचे हुए हैं उन्हें भी जल्दी पूरा किया जाएगा।

सैनी ने कहा कि सरकार बनते ही सबसे पहले 24 हजार युवाओं को बिना खर्ची पर्ची व मेरिट के आधार पर नौकरी देने का कार्य किया। इसके साथ ही सभी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज में निशुल्क डायलिसिस की सुविधा शुरू की गई है। इस योजना से प्रदेश के लाखों किडनी रोगियों को सीधा लाभ मिलना शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पट्टेदार किसानों को मालिकाना हक देने का कार्य भी भाजपा सरकार ने किया है।

किसानों के मुद्दे पर जवाब देते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने किसानों से संपर्क बनाने के लिए कमेटी का गठन किया है और वह कमेटी लगातार किसानों से संपर्क कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीद रही है। विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार मजबूती से कार्य कर रही है, लेकिन कई दलों ने किसानों पर राजनीति की और उनके पक्ष में पहले कभी निर्णय नहीं लिया। पंजाब, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक आदि राज्यों में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी की सरकारें हैं, इन सरकारों द्वारा किसानों को पूर्ण रूप से आश्वस्त किया जाना चाहिए, लेकिन ये सरकारें केवल किसानों के नाम पर राजनीति कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि के मद्देनजर किसानों से तत्काल क्षतिपूर्ति पोर्टल पर पंजीकरण करवाने का निर्णय लिया गया है ताकि किसानों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा समय पर दिया जा सके। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में सरकार ने साढे़ 13 हजार करोड़ रुपए की राशि किसानों को उनके खाते में मुआवजा के तौर पर दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार सदैव किसानों के साथ खड़ी है। फसल विविधिकरण के क्षेत्र में जल्द ही नई योजनाएं लाई जाएंगी, ताकि किसान प्राकृतिक खेती और कम खर्च में अधिक लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि सरकार पानी का दवाब कम करने के लिए धान से अलग विभिन्न फसलों की बिजाई करने पर प्रोत्साहन राशि देने का भी कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *