September 2, 2025

पंजाब सरकार ने बाढ़ राहत कार्यों में झोंकी पूरी ताकत

0
पंजाब सरकार ने बाढ़ राहत कार्यों में झोंकी पूरी ताकत

पंजाब सरकार ने बाढ़ राहत कार्यों में झोंकी पूरी ताकत

चंडीगढ़, 1 सितंबर। पंजाब सरकार प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में इंसानी जिंदगियों और पशुओं की रक्षा के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही है। सभी कैबिनेट मंत्री लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं ताकि प्रभावित परिवारों तक ज़रूरी सहायता जल्द से जल्द पहुंच सके।

पंजाब के वित्त मंत्री स हरपाल सिंह चीमा ने आज अजनाला सब-डिवीजन के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री से भरे पाँच ट्रकों को मोहाली से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राहत ट्रकों में 1,000 राशन किटें, पीने के पानी के 600 पैकेट, 400 मच्छरदानियां, 400 गद्दे और 200 फोल्डिंग बिस्तर शामिल हैं।

आम आदमी पार्टी के वालंटियरों और पंजाब की जनता का राहत कार्यों में भारी योगदान के लिए धन्यवाद करते हुए श्री चीमा ने कहा कि पंजाब ने देश के लिए अनगिनत कुर्बानियां दी हैं, अब समय आ गया है कि केंद्र सरकार अपने लोगों के साथ खड़ी हो। कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने फ़ाज़िल्का ज़िले के साबुआणा और माडीवाला गांवों का दौरा किया।

कैबिनेट मंत्री स हरजोत सिंह बैंस ने श्री आनंदपुर साहिब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव कार्यों की ज़िम्मेदारी संभाली है और अपने हलके के विभिन्न इलाकों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रभावित राज्य वासियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। वह स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बचाव एवं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

शिक्षा मंत्री स हरजोत सिंह बैंस ने श्री आनंदपुर साहिब हलके के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर 91 87279-62441 जारी किया है, जो हर समय उपलब्ध रहेगा।

जेल और परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने आज तरनतारन जिले के खडूर साहिब, फतेहाबाद और धुंदा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जरूरतमंद लोगों को राशन, भोजन किट, पीने का पानी और पशुओं के लिए चारा वितरित किया। स भुल्लर ने कहा कि हमारी सरकार इस आपदा की घड़ी में उनके साथ खड़ी है और फसलों के नुकसान का आकलन (गिरदावरी) करने के बाद उन्हें उचित मुआवजा दिया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज तरनतारन जिले के हरीके कस्बे के पास मरड़ गांव में जमीन धंसने से बने 50 फीट गहरे और 200 मीटर चौड़े गड्ढे को भरने में ग्रामीणों की मदद की। इसके अलावा उन्होंने कीरी गांव के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी दौरा किया और चल रहे राहत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावितों को आश्वासन दिया कि सरकार हर संभव मदद के लिए वचनबद्ध है।

कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और मोहिंदर भगत ने सुल्तानपुर लोधी के मंड क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और राहत कार्यों का जायज़ा लेते हुए लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके नुकसान की पूरी भरपाई करेगी।

लोकसभा सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने अजनाला के चोगावां रोड स्थित दाना मंडी में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए चल रहे राहत कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान पीड़ितों को मेडिकल किट, पशुओं के लिए चारा और अन्य जरूरी सामग्री वितरित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *