July 7, 2025

नशे को कहें ‘ना’, समाज को दें नई दिशा – बंडारू दत्तात्रेय का आह्वान

0

 
चंडीगढ़, 03 मई- 
नशीली दवाओं के दुरुपयोग के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने और चंडीगढ़ को भारत का पहला ड्रग-फ्री शहर बनाने के उद्देश्य से आज शनिवार को चंडीगढ़ के सेक्टर 17 स्थित तिरंगा पार्क में ड्रग फ्री चंडीगढ़ के लिए पदयात्रा का आयोजन किया गया। वॉक का नेतृत्व पंजाब के राज्यपाल और यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने किया।

हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा एक ऐसी बुराई है जो न केवल व्यक्ति को, बल्कि उसके परिवार, समाज और पूरे राष्ट्र को खोखला करती है। यह हमारे युवाओं की ऊर्जा, उनकी प्रतिभा और उनके सपनों को छीन लेती है। राज्यपाल ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को इसके खतरों के बारे में जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आज की यह वॉकथॉन समाज में बड़ा बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह आयोजन लोगों को नशे से दूर रहने व समाज को स्वस्थ और सशक्त बनाने के लिए प्रेरित करेगा।

उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है। राज्यपाल ने हरियाणा और पंजाब दोनों राज्यों की सरकारों को नशे के खिलाफ एक संयुक्त नीति बनाकर कार्य करने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि नशे की समस्या से निपटने के लिए हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेत्तृव में अनेक कदम उठा रही है। सरकार ने पंचकूला में एक अन्तर्राज्यीय ड्रग सचिवालय की स्थापना की है। इसके साथ ही एंटी नारकोटिक्स सैल्स भी स्थापित किए गए हैं। मादक पदार्थाें से सम्बन्धित मामलों की जल्द सुनवाई तथा सजा सुनिश्चित करने हेतु राज्य के सभी जिलों में फास्ट्रैक न्यायालयों की स्थापना की जा रही है।

हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने ड्रग फ्री चंडीगढ़ पदयात्रा के दौरान सभी पत्रकारों व मीडिया कर्मियों को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जंग में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। मीडिया समाज में सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर लोगों में जागरूकता पैदा करता है।

समारोह में पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया ने सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने के लिए शपथ दिलवाई। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान, हरियाणा के सहकारिता मंत्री श्री अरविन्द शर्मा, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण, पंजाब के राज्य सभा सांसद श्री सतनाम संधू व श्री विक्रमजीत सिंह, पंजाब के रेल राज्य मंत्री श्री रवनीत सिंह बिट्टू, पूज्य जैन आचार्य लोकेश मुनि सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी पदयात्रा में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *