January 29, 2026

बरसाती मौसम पर सरकार की पैनी नजर, नुकसान रोकने को तैयार तंत्र

0
बरसाती मौसम पर सरकार की पैनी नजर, नुकसान रोकने को तैयार तंत्र

बरसाती मौसम पर सरकार की पैनी नजर, नुकसान रोकने को तैयार तंत्र

चंडीगढ़, 31 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बरसात के मौसम को लेकर प्रदेश सरकार और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और हर परिस्थिति से निपटने का तैयार है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के किसी भी नागरिक को कोई हानि ना पहुंचे। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि ऐसे मौसम में जनता भी सावधानी बरते। पहाड़ी क्षेत्र में जाने से बचे।

        मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को कुरुक्षेत्र के द्रोणाचार्य खेल स्टेडियम में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने खेल परिसर में खिलाडिय़ों के साथ वालीबाल भी खेला।

        मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व में देश का मान-सम्मान बढ़ाया है। देश के जरूरतमंद और गरीब की मदद की है। इस बात को विपक्ष हजम नहीं कर पा रहा है।  उन्होंने कहा कि बिहार की भूमि से भगवान बुद्ध ने अपना संदेश दिया, चाणक्य जैसे बुद्धिमान नीतिकार पैदा किए, श्री गुरु गोविंद सिंह जी ने बिहार से प्रकाश फैलाया। ऐसी पवित्र भूमि पर कांग्रेस शीर्ष नेता राहुल गांधी की टिप्पणी शोभनीय नहीं है। उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।

        सैनी ने कहा कि विपक्ष अपने कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों को बताने का काम करे। यदि तब काम किए होते तो आज ईवीएम को दोष ना देते। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस के सच को जानकर नकार चुकी है प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 11 सालों में देश में अभूतपूर्व विकास कर विश्वभर में सम्मान दिलवाने का काम किया है।

        मुख्यमंत्री सैनी ने इजराइल युद्ध पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि युद्ध में हानियां होना तय है, कहीं जान तो कहीं माल का नुकसान होता है। उन्होंने टैरिफ पर पूछे गए सवाल पर कहा कि देश का नेतृत्व मजबूत हाथों में हैं। भारत किसी भी स्थिति से निपटने की क्षमता रखता है। लगातार देश की जीडीपी में सुधार हो रहा है। देश में लगातार राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे मार्ग, यूनिवर्सिटी सहित अनेक विकास कार्यों को गति से करवाया जा रहा है।

25 सितंबर को लांच होगा दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना पोर्टल

        मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव से पहले संकल्प पत्र में बहनों को 2100 रुपए देने का वादा किया था, जिसके लिए  इस वर्ष के बजट में 5000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया  गया है। अब 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का पोर्टल लांच किया जाएगा। इस पोर्टल से बहने अपना आवेदन कर सकती है। पहले फेज में 20 लाख महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद दूसरा फेज लाया जाएगा और फिर तीसरा फेज भी आएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने भी महिलाओं को सम्मान दिए जाने की घोषणाएं की थी, जिन प्रदेशों में कांग्रेस की सरकार है महिलाओं के लिए कोई योजना शुरू नहीं की गई ।

पीएम के जन्मदिन से शुरू किया जाएगा सेवा पखवाड़ा 

        मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है, इस दिन से सेवा पखवाड़ा की शुरुआत की जाएगी। इस सेवा पखवाड़ा के माध्यम से गरीब, जरूरतमंद, दिव्यांगजनों की सेवा की जाएगी। अभियान में वेलफेयर सोसायटी, व्यापारियों सहित अन्य संस्थाओं को शामिल कर यह 2 अक्टूबर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस तक चलेगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि इस अभियान को आमजन अपनी दिनचर्या में अपनाने का काम करे। इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, अंबाला कमिश्नर संजीव वर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *