September 24, 2026

अग्निवीरों पर मेहरबान हुई सरकार, सीएम ने दी रोजगार की गारंटी

0
अग्निवीरों पर मेहरबान हुई सरकार, सीएम ने दी रोजगार की गारंटी

अग्निवीरों पर मेहरबान हुई सरकार, सीएम ने दी रोजगार की गारंटी

चंडीगढ़, 17 जुलाई। हरियाणा में अग्नि वीरों को रोजगार की गारंटी प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने ऐतिहासिक घोषणा करते हुए कहा कि अग्नि वीरों को प्रदेश सरकार द्वारा भर्ती किए जाने वाले कांस्टेबल, माइनिंग गार्ड, फॉरेस्ट गार्ड, जेल वार्डन और एस.पी.ओ. के पदों पर सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत हॉरिजोंटल आरक्षण प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री आज यहां प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 14 जून, 2022 को ‘अग्निपथ’ योजना लागू की गई थी। इस योजना के तहत भारतीय सेना में 4 वर्ष के लिए अग्नि वीर की तैनाती की जाती है।

ग्रुप-सी में सिविल पदों पर सीधी भर्ती में अग्नि वीरों को मिलेगा आरक्षण

नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि इन अग्निवीरों को ग्रुप-बी और सी में सरकारी पदों के लिए निर्धारित अधिकतम आयु में 3 वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी। हालांकि, अग्निवीरों के पहले बैच के मामले में आयु में यह छूट 5 वर्ष की होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार ग्रुप-सी में सिविल पदों पर सीधी भर्ती में अग्निवीरों के लिए 5 प्रतिशत होरिजोंटल आरक्षण और ग्रुप-बी में 1 प्रतिशत हॉरिजोंटल आरक्षण प्रदान करेगी।

अपना उद्यम शुरू करने के लिए मिलेगा अग्नि वीरों को लोन

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि अगर अग्निवीर को किसी भी औद्योगिक इकाई द्वारा प्रतिमाह 30,000 रुपये से अधिक वेतन दिया जाता है, तो राज्य सरकार उस औद्योगिक इकाई को 60,000 रुपये वार्षिक की सब्सिडी देगी। इतना ही नहीं, यदि कोई अग्निवीर अपना उद्यम स्थापित करता है, तो सरकार द्वारा उसे 5 लाख तक के ऋण पर ब्याज सहायता प्रदान की जाएगी।

सैनी ने कहा कि अग्नि वीरों को प्राथमिकता के आधार पर बंदूक का लाइसेंस दिया जाएगा। सरकारी विभागों / बोर्डों / निगमों में तैनाती चाहने वाले अग्निवीरों को मैट्रिक्स स्कोर में प्राथमिकता दी जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी. उमाशंकर, परिवहन विभाग के प्रधान सचिव नवदीप सिंह विर्क, सैनिक एवं अर्धसैनिक विभाग के प्रधान सचिव विजेंद्र कुमार, खनन एवं भूविज्ञान विभाग के आयुक्त एवं सचिव टी एल सत्यप्रकाश, सूचना, जन संपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक मंदीप सिंह बराड़, खनन एवं भूविज्ञान विभाग के महानिदेशक के मकरंद पांडुरंग, मॉनिटरिंग एवं कॉर्डिनेशन की विशेष सचिव डॉ. प्रियंका सोनी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *