March 18, 2026

महिलाओं की प्रगति से लगाया जाता है समाज की प्रगति का पैमाना – हुड्डा

0
महिलाओं की प्रगति से लगाया जाता है समाज की प्रगति का पैमाना - हुड्डा

महिलाओं की प्रगति से लगाया जाता है समाज की प्रगति का पैमाना - हुड्डा

पंचकूला, 16 अगस्त। कांग्रेस पार्टी की ओर से हरियाणा मांगे हिसाब अभियान के तहत पंचकूला में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। इस दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा किसी भी समाज की प्रगति का पैमाना महिलाओं की प्रगति से लगाया जाता है। जिस प्रदेश की महिलाएं प्रगति करेंगी वह प्रदेश अवश्य प्रगति करेगा।

भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार ने महिलाओं को सुरक्षित माहौल दिया था। आजादी के बाद देश में पहला महिला मेडिकल कॉलेज भगत फूल सिंह महिला कॉलेज, खानपुर में कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान खोला गया था। महिलाओं की सुरक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी ने लाडली सामाजिक पेंशन योजना की शुरुआत की थी। जिसके तहत जिस मां-बाप के केवल लड़कियां है उनको पेंशन दी जाती थी। लेकिन बीजेपी ने सरकार बनने पर उसको बंद करने का काम किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान बहनों को रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की शुरुआत की गई थी। महिलाओं को मान-सम्मान देने के लिए कांग्रेस पार्टी ने इंदिरा गांधी, कल्पना चावला और हरियाणा की पहली महिला अध्यक्ष शन्नौ देवी के नाम पर 1.50 लाख रुपये के राशि दी जाती थी, लेकिन बीजेपी ने सरकार बनते ही उस योजना को बंद कर दिया। कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं को प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में 33 प्रतिशत का आरक्षण दिया था। हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने पर महिला व बेटियों को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।

चौधरी उदयभान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पानीपत में बेटी बचाओ-बेटी पढाओ का नारा दिया था। लेकिन आज बीजेपी राज में बेटियों की दयनीय स्थिति हो गई है। बीजेपी ने उस नारे का अपमान करने का काम किया है। बीजेपी के नेता हमेशा महिलाओं के साथ दुराचार व बलात्कार करने वालो के पीछे खड़े नजर आए है चाहे वो महिला पहलवानों के साथ सड़क पर दुराचार करने वाला बृजभूषण हो या प्रदेश की जूनियर महिला कोच के साथ छेड़छाड़ करने वाला पूर्व मंत्री संदीप सिंह हो। बीजेपी अति संवेदनहीन है। प्रदेश के जींद के उचाना जिले के स्कूल में बेटी के साथ घटना घटी जिसका आज तक बीजेपी ने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं, कांग्रेस पार्टी महिलाओं को आगे बढ़ाना चाहती है। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया। मानसून सत्र के दौरान राहुल गांधी व मल्लिकार्जुन खड़गे ने सदन महिला आरक्षण बिल की मांग की थी। लेकिन बीजेपी ने अपनी महिला विरोधी नीति के तहत उस मांग को नजरअंदाज करने का काम किया। जिससे साफ पता चलता है कि बीजेपी महिलाओं को आरक्षण नहीं देना चाहती है।

मेनिफेस्टो कमेटी की चेयरमैन और कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान महिलाओं का सम्मान किया जाता था। हर वर्ग की मांगों को बिना आंदोलन के पूरा किया जाता था। वहीं, बीजेपी के शासनकाल में आशा वर्करों, आंगनवाड़ी वर्करों, नर्सों को अपने हितों की मांग करने पर लाठियों, डंडों, ठंडे पानी की बौछार से शोषण किया जाता है। पेरिस ओलंपिक में हरियाणा के खिलाड़ियों ने पांच मेडल जीते है। जोकि कांग्रेस सरकार की पदक लाओ- पद पाओ नीति के कारण आए है। हरियाणा की बेटी मनु भाकर ने दो पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।  

उन्होंने बीजेपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी ने महिलाओं को शिक्षा से वंचित रखते हुए प्रदेश के 5 हजार स्कूलों को बंद कर दिया है। एनसीआरबी के अनुसार पिछले दस साल में महिलाओं पर अपराध की दर लगातार बढ़ रही है। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेश के महिला थानों की स्थापना की थी। जिससे महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर रोक लगी थी। आज कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनाव को लेकर घोषणा पत्र तैयार कर रही है। जिसमें महिलाओं की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *