December 15, 2025

मुख्य क्रांतिकारी चौक से चारों सड़कों का होगा नवीनीकरण, हजारों लोगों को मिलेगी राहत

0
मुख्य क्रांतिकारी चौक से चारों सड़कों का होगा नवीनीकरण, हजारों लोगों को मिलेगी राहत

मुख्य क्रांतिकारी चौक से चारों सड़कों का होगा नवीनीकरण, हजारों लोगों को मिलेगी राहत

बाढड़ा : बाढड़ा कस्बे के मुख्य बाजारों से गुजरने वाली दोनों सड़कों के नवीनीकरण की योजना पर काम शुरू हो गया है। दोनों सड़कों का नवीनीकरण होने से बाढड़ा के मुख्य क्रांतिकारी चौक से चारों तरफ जाने वाले रास्तों पर स्थित दुकानदारों के साथ-साथ वाहन चालकों व राहगीरों को काफी राहत मिलेगी। इनमें दादरी की तरफ से आते हुए लोहारू की तरफ जाने वाली और जुई की तरफ से आकर सतनाली की तरफ जाने वाली सड़कें शामिल हैं। बाढड़ा की विधायक नैना सिंह चौटाला के प्रयासों से दादरी रोड और लोहारू रोड की सड़क के नवीनीकरण का काम शुरू हो गया है। वहीं जुई रोड और सतनाली रोड नवीनीकरण के लिए विभाग ने टेंडर लगा दिया है। जल्द ही इस पर भी काम शुरू हो जाएगा। इस योजना पर करोड़ों रुपये की राशि खर्च की जाएगी।

——-

विधायक नैना सिंह चौटाला ने बताया कि नेशनल हाईवे 334बी पर बाढड़ा कस्बा क्षेत्र में दादरी रोड पर डिवाइडर की शुरूआत से लेकर लोहारू रोड पर तहसील कार्यालय मोड़ तक करीब एक किलोमीटर सड़क पर नई परत बिछाने का काम शुरू हो चुका है। इस कार्य पर करीब 75 लाख रुपये खर्च होंगे। जिससे सड़क पर बने गड्ढे दूर हो सकेंगे और यहां पर सफर सुगम हो सकेगा।

——-

विधायक नैना सिंह चौटाला ने कहा कि इसी प्रकार से जुई रोड पर गांव उमरवास की सीमा से लेकर मुख्य क्रांतिकारी चौक होते हुए सतनाली रोड पर गांव नांधा की सीमा तक करीब 18 किलोमीटर लंबी सड़क का नवीनीकरण होगा। सड़क का नवीनीकरण होने से हजारों वाहन चालकों को राहत मिलेगी। इसके लिए सरकार द्वारा पांच करोड़ 38 लाख रुपये का टेंडर लगाया गया है।

——-

गौरतलब है कि बाढड़ा के मुख्य क्रांतिकारी चौक के चारों तरफ हजारों की संख्या में दुकानें हैं। इन दुकानों में आसपास के दर्जनों गांवों के लोग खरीददारी करने के लिए आते हैं। अभी तक सड़क की हालत ठीक नहीं होने के कारण दुकानदारों, वाहन चालकों व पैदल राहगीरों को भी परेशानी होती थी। लेकिन अब इन दोनों मुख्य सड़कों का नवीनीकरण होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *