December 16, 2025

हरियाणा में बीजेपी जीतेगी सभी सीटें – मनोहर लाल

0
हरियाणा में बीजेपी जीतेगी सभी सीटें - मनोहर लाल

हरियाणा में बीजेपी जीतेगी सभी सीटें - मनोहर लाल

घरौंडा, 22 मई। करनाल लोकसभा क्षेत्र के घरौंडा की अनाज मंडी में आयोजित भाजपा की विजय संकल्प रैली में करनाल से भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल बुधवार को केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण ही देश की सेना दुनिया की सबसे मजबूत सेनाओं में से एक है। सेना के प्रति मोदी जी का विशेष प्रेम है। यही कारण है कि वह हर दीवाली उनके बीच ही मनाते हैं। यही वजह है कि हमारे देश की सभी सीमाएं आज पूरी तरह से सुरक्षित हैं। 

उन्होंने कहा कि देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आशीर्वाद हमें मिलता रहा है। मुझे आज भी याद है  2019 में जब हमने आशीर्वाद यात्रा शुरू की थी, तब वह कालका में हमें आशीर्वाद देने आए थे। आज भी इस चुनावी यात्रा में अपना आशीर्वाद देने आए हैं, निश्चित रूप से हरियाणा के भाजपा प्रत्याशियों को इसका लाभ मिलेगा। हरियाणा में हम 10 की 10 लोकसभा सीटें जीतेंगे। करनाल विधानसभा का उपचुनाव भी हम जीतेंगे और देश में भाजपा की मजबूत सरकार बनेगी। मनोहर ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कश्मीर से धारा 370 को हटाया, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा सेना का मनोबल बढ़ाया है। हरियाणा जवानों, किसानों और पहलवानों का प्रदेश है। प्रदेश के अधिकांश युवा सेना में सेवाएं दे रहे हैं। मनोहर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस इतनी गिरी हुई है कि वह सेना के ऑपरेशन पर सबूत मांगती है, उसे सेना के जवानों पर भरोसा नहीं है। पहले की सरकारों ने हमेशा सेना का मनोबल तोड़ने का काम किया है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नतृत्व में आज हमारी सेना मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी है। आज हम देश के दुश्मनों को सीना ठोककर जवाब दे रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि मैं प्रदेश के लोगों से आह्वान करता हूं कि आने वाली 25 मई को अपने भाई, अपने बेटे मनोहर लाल को भारी मतों से जिताकर दिल्ली भेजें और देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को और मजबूत प्रधानमंत्री बनाने का काम करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *