May 26, 2026

अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क पर सीआई फिरोजपुर की कार्रवाई

0
अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क पर सीआई फिरोजपुर की कार्रवाई

अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क पर सीआई फिरोजपुर की कार्रवाई

फिरोजपुर, 26 मई। पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता में काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) फिरोजपुर ने एक हथियार सप्लायर को गिरफ्तार कर सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है तथा उसके कब्जे से पांच .30 बोर ग्लॉक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान लखविंदर सिंह निवासी गांव खेड़ा के उत्तर, फिरोजपुर के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वह मात्र एक माह पहले ही जेल से रिहा हुआ था।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि बरामद किए गए हथियार कथित तौर पर सीमा पार से चैनलों के माध्यम से भारत में तस्करी करके लाए गए थे और इन्हें नेटवर्क के जरिए आगे पहुंचाने की योजना थी।

डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है ताकि मॉड्यूल से जुड़े सभी व्यक्तियों की पहचान की जा सके।

इस ऑपरेशन संबंधी जानकारी साझा करते हुए एआईजी सीआई फिरोजपुर गुरसेवक सिंह ने कहा कि पुलिस टीमों को संदिग्ध लखविंदर सिंह द्वारा क्षेत्र में हथियार सप्लाई किए जाने संबंधी विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी।

तेजी से कार्रवाई करते हुए सीआई फिरोजपुर की पुलिस टीम ने फिरोजपुर के कुलगढ़ी क्षेत्र में गुप्त अभियान चलाकर लखविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने आगे बताया कि उसकी तलाशी के दौरान पुलिस पार्टी ने पांच आधुनिक हथियारों की खेप बरामद की।

एआईजी ने कहा कि जांच से पता चला है कि आरोपी ने ये हथियार अपने हैंडलर के निर्देशों पर आपराधिक समूहों के सदस्यों को सप्लाई करने थे। उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।

इस संबंध में थाना कुलगढ़ी, फिरोजपुर में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *