पिछली सरकारों पर निशाना, पंजाब की स्थिति सुधारने का वादा
पिछली सरकारों पर निशाना, पंजाब की स्थिति सुधारने का वादा
चंडीगढ़ , 1 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के लोगों से आह्वान किया कि वे मोदी जी के नेतृत्व को मजबूत करें , फिर पंजाब को भी मजबूत करेंगे। पिछली सरकारों ने पंजाब को कंगला बनाया है , लेकिन भाजपा की सरकार बनने के बाद इसको पुनः रंगीला पंजाब बनाया जाएगा।
सैनी आज पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ शहर में उद्योगपतियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।
नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आप सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि हरियाणा जहां अपने प्रदेश के उद्योगों के लिए कई सहूलियतें प्रदान कर रहा है वहीं कुछ राज्य सरकारें आज भी राजनीति में उलझी हुई हैं। वे विकास की बजाय टकराव की राजनीति करती हैं। उद्योगों को बढ़ावा देने की बजाय वे उन्हें नियमों के जाल में फंसा देती हैं। ऐसे हालात आप रोजाना पंजाब में देख ही रहे हैं। कैसे उद्योगपतियों, कारोबारियों, यहां तक की उद्योग जगत की समस्याओं को उजागर करने वाले मीडिया संस्थानों को भी डराया धमकाया जा रहा है?
उन्होंने कहा कि हमारी डबल इंजन सरकार ने हरियाणा में पिछले साढ़े 11 वर्षों में जिस तरह उद्योगों को बढ़ावा दिया है, वह किसी से छिपा नहीं है। हमने नीतियों को सरल बनाया, सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया। बिजली, पानी, इंफ्रास्ट्रक्चर पर तेजी से काम किया। इसका परिणाम यह हुआ कि हरियाणा आज निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है। लेकिन, अगर हम पंजाब की ओर देखें, तो स्थिति कुछ अलग नजर आती है। यहां उद्योगपति आज कई चुनौतियों से जूझ रहे हैं। बिजली संकट, लॉ एंड ऑर्डर की समस्या व नीतिगत अस्थिरता। लेकिन, मैं किसी की आलोचना करने के लिए नहीं आया हूं, मगर सच्चाई को छुपाया नहीं जा सकता।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्टार्टअप इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’, वन डिस्ट्रिक-वन प्रोडक्ट जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से देश के औद्योगिक ढांचे को पूरी तरह बदल दिया है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में उद्योगपतियों से विचार -विमर्श करके उनके सुझावों के आधार पर नहीं उद्योग नीति बना रहे हैं जो कि देश में नंबर वन होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां पर उद्योग एवं श्रमिकों के विवाद को परस्पर सहमति एवं भाईचारे से सुलझाने के लिए “उद्योग-श्रमिक मैत्री परिषद” का गठन किया गया है।
उन्होंने हरियाणा को निवेशकों की पहली पसंद बताते हुए कहा कि राज्य में निवेश प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने हेतु जल्द ही ‘लैंड फीज़िबिलिटी सर्टिफिकेट’ व्यवस्था शुरू की जाएगी। इससे निवेशकों को 45 दिनों के भीतर डिजिटल प्रमाण पत्र मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आगे बताया कि हरियाणा में कारोबार करने में आसानी के लिए 48 विभागों के 1100 से अधिक गैर जरूरी नियमों को समाप्त किया गया है। हम लैंड पूलिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए लैंड पूलिंग नीति में संशोधन कर रहे हैं। इससे 10 नए मेगा-स्केल आईएमटी के विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि तोशाम, जींद, रेवाड़ी, फरीदाबाद और राई में आई.एम.टी. विकसित करने के लिए ई-भूमि पोर्टल पर किसानों से प्रस्ताव मांगे हैं। यही नहीं, आईएमटी अम्बाला और नारायणगढ़ के लिए भूमि खरीद प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। हरियाणा के उद्योग क्षेत्र की विश्व स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस दिशा में निर्यात को भी बढ़ावा देने के लिए “हरियाणा एक्सपोर्ट प्रमोशन कॉउन्सिल” बनाई है।
श्री सैनी ने जानकारी दी कि नये उद्योगों की स्थापना और उनके शीघ्र परिचालन को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में ‘प्लग-एंड-प्ले’ सुविधाओं वाली फैक्ट्रियां और शेड विकसित किए जाएंगे। छोटे कारोबारियों और एमएसएमई इकाइयों की सुरक्षा के लिए एक समर्पित Small Traders and MSME Insurance Scheme शुरू की जाएगी, जो आग, चोरी और प्राकृतिक आपदाओं के विरुद्ध किफायती बीमा कवर प्रदान करेगी। निवेशकों की समस्याओं के समाधान हेतु ‘एडवांस रुलिंग पोर्टल’ बनाया जाएगा, जहां 15 दिनों में समाधान सुनिश्चित होगा।
उन्होंने बताया कि हरियाणा को विशिष्ट उद्योगों का केंद्र बनाने हेतु पानीपत में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ हैंडलूम टेक्नोलॉजी के लिए 10 एकड़ भूमि दी जाएगी। राई में देश का सबसे बड़ा होलसेल मार्केट कॉम्प्लेक्स और उत्तर भारत का सबसे बड़ा मार्बल मार्केट कलस्टर विकसित होगा। निर्यातकों को वैश्विक मंच पर प्रतिस्पर्धी बनाने हेतु हम Export Boosters प्रदान करेंगे और Export Freight Subsidy Support को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये करेंगे। प्रत्येक जिले में एमएसएमई एवं एक्सपोर्ट फैसिलिटेशन डेस्क और प्लग-एंड-प्ले क्लस्टर स्थापित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के उद्योगपतियों को कहा कि पंजाब के सामने एक स्पष्ट विकल्प है। एक तरफ है विकास, स्थिरता और निर्णायक नेतृत्व है तो दूसरी तरफ अस्थिरता, भ्रम और वादाखिलाफी है। अब आप सबको मिलकर यह तय करना है कि आप किस दिशा में जाना चाहते हैं।
उन्होंने उद्योगपतियों द्वारा सौंपे गए मांगपत्र को केंद्र सरकार से मिलकर उनके समाधान का आश्वासन दिया और कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनाओगे तो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी पंजाब को भी विकास के मामले में नंबर वन सूबा बना देंगे।
इस अवसर पर हरियाणा के पूर्व मंत्री श्री असीम गोयल, पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष डॉ सुभाष शर्मा , उद्योगपति नारायण सिंगला , महेंद्र गुप्ता , विनोद वशिष्ठ , संजय गर्ग समेत अनेक उद्योगपति एवं भाजपा के पदाधिकारी उपस्थित थे।
