May 13, 2024

मनोहर लाल ने हुड्डा के “घर“ किलोई में दी कांग्रेस को ललकार

0
मनोहर लाल ने हुड्डा के “घर“ किलोई में दी कांग्रेस को ललकार

मनोहर लाल ने हुड्डा के “घर“ किलोई में दी कांग्रेस को ललकार

रोहतक/जसिया, 28 अप्रैल। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 10 साल के शासन में हुए विकास कार्यों से कांग्रेस में बौखलाहट है। बौखलाई हुई कांग्रेस अब झूठे सपने बेचने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनता कांग्रेस द्वारा दिखाए जा रहे झूठे सपनों पर कभी विश्वास नहीं करेगी। पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा ने 10 सालों में विकास के इतने काम किए हैं जितने कांग्रेस 55 सालों में भी नहीं कर पाई।

मनोहर लाल रविवार को रोहतक लोकसभा के किलोई विधानसभा के गांव जसिया में भाजपा लोकसभा प्रत्याशी अरविंद शर्मा के समर्थन में विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे।

मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार ने हरियाणा में विकास के काफी काम किए हैं। रोहतक लोकसभा क्षेत्र में भी बिना भेदभाव के विकास के काम हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमने जो वादा किया था उसे पूरा किया है।  पूर्व सीएम ने अरविंद शर्मा को भारी बहुमत से जिताकर संसद भेजने का आग्रह किया।

मनोहर लाल ने कहा कि दस साल के शासनकाल में एनसीआर में पड़ने वाले सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद आदि शहरों में काफी उद्योग लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि रोहतक, सोनीपत को विकास के मामले में गुरुग्राम से पीछे नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि खरखौदा में मारूति का प्लांट लगा है, उसमें भी 10 हजार युवाओं को काम मिलेगा। मनोहर लाल ने कहा कि हमारी सरकार ने हरियाणा में ऐसा वातावरण तैयार किया है कि देश दुनिया के उद्योगपति हरियाणा में अपना उद्योग लगाने की इच्छा रखते हैं।

कांग्रेस पर तंज कसते हुए मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में सौदेबाजी होती थी। कांग्रेस का एजेंडा था आए हो तो क्या लेकर आए हो और जा रहे हो तो क्या देकर जाओगे? पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस की सौदेबाजी को खत्म कर पारदर्शी शासन व्यवस्था दी है।

पूर्व सीएम मनोहर लाल ने कहा कि मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर से धारा-370 को खत्म किया। मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर बना। जनता से सवाल करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि ये काम कांग्रेस की सरकारें कभी कर सकती थी क्या?   

पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राहुल गांधी पर भी तंज कसा। उन्होंने महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने कहा था देश आजाद हो गया है अब कांग्रेस पार्टी को खत्म कर देना चाहिए, लेकिन नेहरू ने ऐसा नहीं किया। अब राहुल गांधी कांग्रेस को खत्म करके महात्मा गांधी के सपने को साकार करने में जुटे हैं।

कांग्रेस नेताओं के बारे में बोलते हुए मनोहर लाल ने कहा कि इनमें ना संस्कार है और ना ही इन लोगों को हिसाब- किताब आता है। कांग्रेस के नेता सिर्फ झूठ बोलने में ही माहिर है और चुनाव जीतने के लिए झूठ बोल रहे हैं कि हम गरीबी हटाएंगे। मनोहर ने कहा कि इससे पहले इंदिरा गांधी गरीबी हटाने का झूठा नारा देकर सत्ता में आई थी और अब कांग्रेस के लोग झूठ बोल रहे हैं कि गरीब महिलाओं और युवाओं के खातों में एक-एक लाख रुपये भेजेंगे। मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा देश के युवाओं, महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है। स्वयं सहायता समूह के जरिए ड्रोन दीदी, लखपति दीदी बनाया जा रहा है। भाजपा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम कर रही है।  ड्रोन के जरिए खाद छिड़कना, दवाई छिड़कना सीखकर महिलाएं लाखों रुपये कमा रही हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने दस सालों में आखिरी टेल तक पानी पहुंचाया, गांवों को लाल डोरा से मुक्त किया। जाति पात से ऊपर उठकर मेरिट के आधार पर युवाओं को नौकरियां दी। सर छोटूराम की 65 फुट ऊंची मूर्ति लगाई। धन्ना जाट की जन्म शताब्दी भाजपा सरकार ने मनानी शुरू की। मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस ने तो घिनौने खेल खेले हैं, लोगों को जाति पाति में बांट कर रखा है। जबकि भाजपा सरकार ने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिया। भाजपा का लक्ष्य जनता की सेवा करना है।

पूर्व सीएम मनोहर लाल ने भूपेंद्र हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि पिछली बार तो बापू-बेटे ने एक साथ हार का स्वाद चखा, जिसका मलाल उनको अब तक है। इस बार सिर्फ बेटे की हार का मलाल बापू को रहेगा। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश का युवा काफी समझदार है और उनको पता है कि भाजपा सरकार ईमानदारी से काम करने वाली सरकार है। उन्होंने जनता से आग्रह करते हुए कहा कि देश और प्रदेश की तरक्की के लिए डा. अरविंद शर्मा को प्रचंड बहुमत से जीताकर संसद में भेंजे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *